आधुनिक युग में विज्ञान की मदद से मनुष्य ने कई महत्त्वपूर्ण आविष्कार किए
हैं। कंप्यूटर इनमें से एक प्रमुख आविष्कार है। यह आदमी के दिमाग की तरह कार्य
करता है। इसमें देश-दुनिया की सभी आवश्यक जानकारियाँ भरी होती हैं। इन
जानकारियों को कंप्यूटर याद रखता है तथा माँगे जाने पर तुरंत प्रदर्शित भी कर देता
है। बड़ी से बड़ी गणनाएँ यह पलक झपकते कर सकता है जिसे करने में आदमी को
घंटों लग जाएँ। कंप्यूटर के आविष्कार के परिणामस्वरूप दुनिया में क्रांति आ गई है।
सभी कार्यालयों, बैंकों, सार्वजनिक संस्थानों आदि में इसका उपयोग किया जा रहा है।
रेल और हवाई यात्रा के लिए टिकटों की बुकिंग में यह प्रमुख भूमिका निभाता है। कंप्यूटर
सूचना क्रांति का अग्रदूत बन गया है। विद्यालयों में कंप्यूटर शिक्षा अनिवार्य-सी होती
जा रही है। व्यापार और उद्योग में इसके उपयोग के बिना अब काम नहीं चल सकता।
कंप्यूटर आज की एक आवश्यक वस्तु बन गई है।