सचिव, आवास विकास
शास्त्री नगर मेरठ
दिनांक : 12.02.2022
सेवा में,
स्वास्थ्य अधिकारी मेरठ महानगर पालिका, मेरठ
विषय : गंदगी की समस्या |
महोदय,
बड़े खेद के साथ लिखना पड़ रहा है कि पिछले दस दिनों से हमारी बस्ती में ढंग से सफाई नहीं हो रही है। स्थान-स्थान पर कूड़े के ढेर पड़े हैं। नालियाँ बंद पड़ी हैं। सफाई कर्मचारी दिखाई ही नहीं पड़ते। यदि तुरंत इस समस्या को हल नहीं किया तो महामारी भी फैल सकती है।
मैं शास्त्री नगर के सभी निवासियों की ओर से आपसे निवेदन कर रहा हूँ कि सफाई का विशेष प्रबंध तुरंत किया जाए।
भवदीय,
हस्ताक्षर
(सुमित शर्मा)
उक्त पत्र में श्री सुमित शर्मा आवासीय कल्याण समिति के सचिव हैं। हो सकता है कि इनके नाम से प्रकाशित शीर्ष पत्र (लैटर हैड) हो, ऐसी स्थिति में उन्हें अपना नाम-पता लिखने की आवश्यकता नहीं होगी। इस पत्र को भेजते समय एक विकल्प यह भी हो सकता है कि सुमित शर्मा अपना पता हस्ताक्षर के नीचे लिखें। इस प्रकार के औपचारिक पत्रों में संबोधन से पूर्व ही विषय लिखना भी आवश्यक होता है, जिससे • संबद्ध अधिकारी को पूरा पत्र पढ़े बिना ही पत्र का विषय समझ में आ जाए और वह शीघ्रातिशीघ्र कार्रवाई कर सके।